PM Narendra Modi Poland Visit Schedule Update | India Poland Relations | आज पोलैंड दौरे के लिए रवाना होंगे पीएम मोदी: 45 सालों में पहली बार किसी PM का पोलैंड दौरा, वहां से ही यूक्रेन भी जाएंगे


3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
पीएम मोदी 21 और 22 अगस्त को पोलैंड के दौरे पर रहेंगे। उसके बाद ट्रेन से 10 घंटे का सफर तय करेंगे और कीव पहुंचेंगे। (फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar

पीएम मोदी 21 और 22 अगस्त को पोलैंड के दौरे पर रहेंगे। उसके बाद ट्रेन से 10 घंटे का सफर तय करेंगे और कीव पहुंचेंगे। (फाइल फोटो)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बुधवार को दो दिवसीय पोलैंड दौरे पर रवाना हो गए हैं। पिछले 45 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली पोलैंड यात्रा है। इससे पहले 1979 में मोरारजी देसाई वहां गए थे।

BBC के मुताबिक पीएम मोदी के दौरे को लेकर यूरोपीय संसद के सदस्य डेरियस जोंस्की ने कहा कि पॉलिटिक्स और बिजनेस को लेकर पीएम मोदी की पोलैंड यात्रा हमारे लिए मायने रखती है।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा था कि पीएम मोदी 21-23 अगस्त तक पोलैंड आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। 23 अगस्त को पीएम मोदी यूक्रेन रवाना हो जाएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी और पोलैंड के तत्कालीन उपप्रधानमंत्री जानुस पाइचोकिंस्की। तस्वीर 2015 की है।

प्रधानमंत्री मोदी और पोलैंड के तत्कालीन उपप्रधानमंत्री जानुस पाइचोकिंस्की। तस्वीर 2015 की है।

मोदी पोलैंड के राष्ट्रपति-PM और भारतीय समुदाय से मिलेंगे
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों की स्थापना के 70 साल भी पूरे हो रहे हैं। सबसे पहले पीएम मोदी का पोलैंड की राजधानी वारसॉ में स्वागत होगा। इसके बाद वे पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज सेबेस्टियन डूडा से मुलाकात करेंगे और फिर प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ द्विपक्षीय वार्ता में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री पोलैंड में भारतीय समुदाय के साथ भी मुलाकात करेंगे। पोलैंड में भारतीय समुदाय के 25 हजार लोग रहते हैं। इसमें लगभग 5 हजार छात्र है।

पीएम मोदी जामनगर और कोल्हापुर के महाराजाओं के स्मारकों का दौरा भी कर सकते हैं। यह भारत और पोलैंड के बीच ऐतिहासिक संबंधों की निशानी है। महाराजा दिग्विजयसिंहजी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हजारों पोलिश शरणार्थियों को शरण दी थी।

पोलैंड में महाराजा दिग्विजय सिंह जी का स्मारक, वहां उन्हें दयालु महाराज कहा जाता है।

पोलैंड में महाराजा दिग्विजय सिंह जी का स्मारक, वहां उन्हें दयालु महाराज कहा जाता है।

पोलैंड-भारत के बीच बढ़ा व्यापार
भारत और पोलैंड के बीच 2023 में 5.72 बिलियन डॉलर का व्यापार हुआ है। 2013 से 2023 तक दोनों देशों के बीच 192% व्यापार बढ़ा है। 2023 में भारत ने पोलैंड के साथ 3.95 बिलियन डॉलर का निर्यात और 1.76 बिलियन डॉलर का आयात किया था।

भारत का पोलैंड में 3 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश है। भारतीय आईटी कंपनियां पोलैंड में लगभग 10,000 लोगों को रोजगार देती है। वहीं, पोलैंड का भारत में 685 मिलियन डॉलर का निवेश है।

भारत पोलैंड से रक्षा व्यापार करता आया है, जिसमें हेलिकॉप्टर, विमान के पार्ट्स और अन्य आर्मी हार्डवेयर के सौदे शामिल हैं। भारत के T-72 टैंकों के अपग्रेड में पोलैंड की कंपनी बुमर लाबेडी का प्रमुख योगदान रहा। दोनों देशों की सेनाओं ने कई संयुक्त युद्धाभ्यास भी किए हैं।

भारत और पोलैंड के बीच ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्र में भी कई समझौते होते आए हैं। हाल ही में हिमाचल फ्यूचरिस्टिक कम्यूनिकेशंस लिमिटेड (HFCL) ने ऑप्टिकल फाइबर प्लांट के लिए 144 करोड़ के निवेश की योजना की घोषणा की थी।

अगले साल पोलैंड यूरोपियन यूनियन काउंसिल का अध्यक्ष बनने वाला है। इसलिए राजनीतिक पहलू से भी पोलैंड यूरोपियन यूनियन में जरूरी है।

पोलैंड के राजदूत बोले- भारत दुनिया की आवाज
पीएम मोदी के पोलैंड दौरे पर पोलैंड के राजदूत सेबेस्टियन डोमजाल्स्की ने कहा, “भारत दुनिया की आवाज है। मोदी की यात्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ताकतवर संदेश देगी कि भारत शांति के पक्ष में हैं। उनके यात्रा के दौरान, तकनीक, डिफेंस और सुरक्षा बातचीत के अहम मुद्दें रहेंगे।”

सबसे पहले भारत के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू 25 जून 1955 को पोलैंड गए थे। इसके बाद इंदिरा गांधी 8 अक्टूबर 1967 को पोलैंड यात्रा पर गई थी। फिर मोरारजी देसाई 14 जून 1979 को पोलैंड यात्रा पर जाने वाले आखिरी भारतीय प्रधानमंत्री थे। इसके 45 साल बाद अब मोदी वहां जा रहे हैं।

पीएम मोदी 23 अगस्त को यूक्रेन जाएंगे
पोलैंड यात्रा के बाद मोदी 23 अगस्त को यूक्रेन जाएंगे। वे पोलैंड से ट्रेन से यूक्रेन जाएंगे। रूस-यूक्रेन जंग के बीच उनका यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने PM मोदी को यूक्रेन आने का न्योता दिया था।

यूक्रेन 1991 में अलग देश बना था। उसके बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने वहां की यात्रा नहीं की है। इससे पहले पीएम मोदी 8 और 9 जुलाई को रूस के दौरे पर भी गए थे।

पीएम मोदी का ये दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब यूक्रेन ने कुछ दिनों से रूस की सीमा में घुसकर हमले शुरू कर दिए हैं। यूक्रेन ने रूस के कुछ इलाके को अपने कब्जे में ले लिया है। आशंका जताई जा रही है कि रूस, यूक्रेन पर जल्द बड़ा हमला कर सकता है।

खबरें और भी हैं…



Disclaimer:* The following news is sourced directly from our news feed, and we do not exert control over its content. We cannot be held responsible for the accuracy or validity of any information presented in this news article.

Source link

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *