Dainik Bhaskar News Headlines; Jharkhand CM Hemant Soren | Budget Income Tax 2024 | मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: बजट में मिडिल क्लास के लिए हाउसिंग स्कीम; ज्ञानवापी तहखाने का दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु; हेमंत सोरेन की रिमांड पर फैसला आज


  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Jharkhand CM Hemant Soren | Budget Income Tax 2024

6 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर वित्त वर्ष 2024-25 के लिए आए अंतरिम बजट की रही। इनकम टैक्स में राहत तो नहीं मिली, लेकिन मिडिल क्लास और महिलाओं के लिए स्कीम का ऐलान हुआ। एक खबर वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर से जुड़ी रही, श्रद्धालु व्यास तहखाने में रखी मूर्तियों के दर्शन करने पहुंचने लगे हैं।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. ED ने दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को शराब नीति केस में पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच एजेंसी ने उन्हें 5वीं बार समन भेजा है।
  2. भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट विशाखापट्टनम में शुरू होगा। इंग्लैंड पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. बजट 2024: डिफेंस को सबसे ज्यादा, एग्रीकल्चर को सबसे कम बजट का आवंटन हुआ

केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अंतरिम बजट पेश किया। इनकम टैक्स में कोई राहत नहीं दी गई। पुराने टैक्स रिजीम पर 2.5 लाख रुपए तक की कमाई ही टैक्स फ्री रहेगी। हालांकि, सेक्शन 87A के तहत 5 लाख तक की इनकम पर टैक्स बच सकता है। फसलों के न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य और किसान सम्मान निधि में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

डिफेंस खर्च के लिए 6.2 लाख करोड़ रुपए दिए गए हैं। यह पिछले साल से ₹0.27 लाख करोड़ यानी 3.4% ज्यादा है। यानी बजट का 8% हिस्सा डिफेंस पर खर्च होगा। वहीं एग्रीकल्चर के लिए सबसे कम 1.27 लाख करोड़ मिले हैं। यह पिछले साल की तुलना में 1.6% ज्यादा है।

क्या सस्ता और क्या महंगा हुआ: इस बार बजट में कुछ भी सस्ता या महंगा नहीं हुआ है। ऐसा क्यों? ऐसा इसलिए क्योंकि 2017 में लागू किए गए GST के बाद से बजट में केवल कस्टम ड्यूटी, एक्साइज ड्यूटी को बढ़ाया या घटाया जाता है, जिसका असर गिनी-चुनी चीजों पर पड़ता है। तो इस बार सरकार ने कस्टम ड्यूटी या एक्साइज ड्यूटी में कोई भी बदलाव नहीं किया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. मिडिल क्लास के लिए 2 करोड़ नए घर बनाए जाएंगे; 3 करोड़ महिलाएं बनेंगी लखपति दीदी
अब बात स्कीम्स और प्रोजेक्ट्स की। हम जानेंगे कि गरीब, मिडिल क्लास और महिलाओं को क्या मिला। साथ ही किन प्रोजेक्ट्स पर सरकार पैसे खर्च करने वाली है।

गरीबों के लिए 2 करोड़ घर बनेंगे: गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अगले 5 साल में 2 करोड़ घर बनाए जाएंगे। इस योजना के तहत 10 साल में 3 करोड़ घर बनाए जा चुके हैं।

मिडिल क्लास को क्या मिला: वित्त मंत्री ने बताया कि सरकार मिडिल क्लास के लिए आवास योजना लाएगी। इस योजना से शहरों में किराए के मकानों, कच्चे मकानो में रहने वाले लोगों को घर खरीदने और बनाने में मदद मिलेगी।

महिलाओं को क्या मिला: लखपति दीदी योजना के तहत 3 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का टारगेट भी रखा गया है। 9 से 14 साल की लड़कियों का सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन होगा। 14 लाख आंगनवाड़ी वर्कर्स, आशा कार्यकर्ताओं और हेल्पर्स को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाया जाएगा। इस योजना में 5 लाख रुपए तक का इलाज फ्री में मिलता है।

मनरेगा का बजट 43% बढ़ाया: मनरेगा बजट 43.33% बढ़ाकर 86 हजार करोड़ रुपए किया गया है। यह मनरेगा बजट में 10 साल में सबसे ज्यादा आवंटन है। बजट बढ़ने से 14 करोड़ से अधिक मनरेगा मजदूरों को फायदा हो सकता है।

1 करोड़ घरों में 300 यूनिट सोलर बिजली फ्री: सूर्योदय योजना के तहत 1 करोड़ घरों में 300 यूनिट सोलर बिजली फ्री दी जाएगी। इसके लिए 1 करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर लगाए जाएंगे।

इन्फ्रास्ट्रक्चर को क्या मिला: माल ढोने के लिए बनाए जा रहे रेलवे कॉरिडोर के अलावा 3 नए रेल कॉरिडोर बनेंगे। इनमें एनर्जी-सीमेंट कॉरिडोर, पोर्ट कनेक्टिविटी कॉरिडोर और हाई डेंसिटी कॉरिडोर शामिल हैं।

90% रेलवे कोच वंदे भारत जैसे होंगे: रेलवे के 40 हजार नॉन एसी कोच को वंदे भारत ट्रेन की तर्ज पर अपग्रेड किया जाएगा। मौजूदा समय में ट्रेनों में कुल 68,534 कोच हैं। इनमें स्लीपर-जनरल कोच की संख्या 44,946 है। यानी 90% से ज्यादा कोच वंदे भारत की सुविधाओं से लैस हो जाएंगे। ऐसा करने में 8 साल लग सकते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. व्यास जी के तहखाने का दर्शन करने पहुंचे लोग, कोर्ट के फैसले के 8 घंटे बाद शुरू हुई पूजा

बुधवार रात 11 बजे तहखाने में पूजा-अर्चना की गई। पूजा के समय कमिश्नर बनारस, CEO विश्वनाथ मंदिर, ADM प्रोटोकॉल, गणेश्वर शास्त्री द्रविड और पंडित ओम प्रकाश मिश्रा मौजूद थे।

बुधवार रात 11 बजे तहखाने में पूजा-अर्चना की गई। पूजा के समय कमिश्नर बनारस, CEO विश्वनाथ मंदिर, ADM प्रोटोकॉल, गणेश्वर शास्त्री द्रविड और पंडित ओम प्रकाश मिश्रा मौजूद थे।

ज्ञानवापी के व्यासजी के तहखाने में रखी मूर्तियों का दर्शन करने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। हालांकि, आम लोगों को तहखाने के अंदर जाने की इजाजत नहीं है। कई भक्त बैरिकेडिंग के बाहर से झांककर दर्शन करते दिखे। वाराणसी की जिला अदालत ने 31 जनवरी को व्यास परिवार को तहखाने में पूजा करने की इजाजत दी थी। साथ ही DM को इंतजाम करने के निर्देश दिए थे। आदेश के 8 घंटे बाद तहखाने में मूर्तियां रख कर पूजा-अर्चना शुरू हुई, जो 31 साल से बंद थी।

ओवैसी बोले- यह फैसला गलत है: वाराणसी DM एस राजलिंगम ने कहा कि मैंने कोर्ट के आदेश का पालन किया। वहीं AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी बोले- ‘जज साहब ने जो फैसला लिया, वह पूरी तरह से गलत है। यह प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट, 1991 का उल्लंघन है। मस्जिद के तहखाने में 30 साल के बाद पूजा की इजाजत दी गई है। वहां मूर्तियां कहां हैं, किसने मूर्तियां देखीं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. हेमंत सोरेन की रिमांड पर आज फैसला, चंपई सोरेन आज झारखंड के CM पद की शपथ लेंगे
झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन की रिमांड पर रांची का PMLA कोर्ट आज फैसला सुनाएगा। ED ने हेमंत को 10 दिन की रिमांड पर भेजने की मांग की है। पिछली सुनवाई पर अदालत ने उन्हें एक दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा था। सोरेन की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिस पर आज सुनवाई हो सकती है। वहीं झामुमो नेता चंपई सोरेन राजभवन पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने चंपई को आज CM के रूप में शपथ लेने के लिए बुलाया है।

43 विधायक आज हैदराबाद जा सकते हैं: महागठबंधन के 43 विधायक आज हैदराबाद जा सकते हैं। बीते दिन कोहरे की वजह से चार्टर्ड प्लेन उड़ान नहीं भर सका और विधायक दो घंटे तक विमान में ही बैठे रहे। नई सरकार को शपथ लेने के 10 दिनों के अंदर बहुमत साबित करना होगा। इसलिए विधायकों को बाड़ेबंदी के लिए हैदराबाद भेजा जा सकता है। तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. CBSE करिकुलम में बदलाव का प्रस्ताव; 10वीं में 10 सब्‍जेक्‍ट्स और 12वीं में 7 पेपर होंगे
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन यानी CBSE ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के लिए एजुकेशन स्ट्रक्चर में बदलाव करने का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत 10वीं में अब दो की जगह तीन लैंग्वेज पढ़ाई जाएंगी। जिनमें कम से कम दो नेटिव लैंग्वेज शामिल होंगी। 10वीं के स्टूडेंट्स को अब 5 की बजाय 10 सब्जेक्ट के पेपर देने होंगे। 11वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स को पांच की जगह 7 सब्जेक्ट पढ़ने होंगे।

नेटिव लैंग्वेज स्टूडेंट्स के लिए जरूरी: CBSE का कहना है कि ये फैसला नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 को देखते हुए किया गया है, ताकि स्टूडेंट्स के लिए लैंग्वेज को पढ़ने पर जोर दिया जा सके। इसे स्टूडेंट्स को नेटिव लैंग्वेज (मातृभाषा) के साथ कई और लैंग्वेज सिखाए जाने की पहल माना जा रहा है। CBSE की 10वीं-12वीं की परीक्षा में हर साल 30 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स शामिल होते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. भारत को MQ-9B ड्रोन्स देगा अमेरिका, इनकी तैनाती LAC पर हो सकती है

अमेरिका की जो बाइडेन एडमिनिस्ट्रेशन ने भारत को 31 MQ-9B ड्रोन्स देने का फैसला किया है। इनकी कीमत करीब 3.99 अरब डॉलर है। माना जा रहा है कि इन ड्रोन्स को चीन के साथ लगने वाली लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) और भारत की समुद्री सीमा में सर्विलांस और सिक्योरिटी बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

नेवी और एयरफोर्स को मिलेंगे MQ-9B ड्रोन्स: 15 ड्रोन इंडियन नेवी और 8-8 आर्मी और एयरफोर्स को मिलेंगे। MQ-9B ड्रोन MQ-9 ‘रीपर’ का दूसरा वर्जन है। पिछले साल इसका इस्तेमाल काबुल में हेलफायर मिसाइल के एक मॉडिफाइड वर्जन को दागने के लिए किया गया था। इसमें अल-कायदा नेता अयमान अल-जवाहिरी की मौत हो गई थी। 2020 में इंडियन नेवी को समुद्री सीमा की निगरानी के लिए अमेरिका से दो ‘MQ-9B’ सी गार्डियन ड्रोन एक साल के लिए लीज पर मिले थे। बाद में लीज टाइम बढ़ा दिया गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. पंत बोले- ऐसा लगा मेरा टाइम पूरा हो गया, एक्सीडेंट के बाद घुटना 180 डिग्री मुड़ गया

इलाज के बाद पंत जब घर पहुंचे तो उनसे मिलने के लिए सुरेश रैना, श्रीसंत और हरभजन सिंह पहुंचे थे। (बाएं से दाएं)

इलाज के बाद पंत जब घर पहुंचे तो उनसे मिलने के लिए सुरेश रैना, श्रीसंत और हरभजन सिंह पहुंचे थे। (बाएं से दाएं)

भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत ने एक इंटरव्यू में अपने कार एक्सीडेंट पर बात की। ऋषभ ने कहा- ‘उस दिन मुझे लगा कि दुनिया में मेरा टाइम पूरा हो गया है।’ उन्होंने कहा जिंदगी में पहली बार मुझे लगा कि मेरा समय खत्म हो चुका है। मेरा दायां घुटना पूरी तरह से डिसलोकेट हो गया था और 180 डिग्री तक मुड़ गया था। लेकिन मैं भाग्यशाली रहा।’

IPL से क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं: 30 दिसंबर 2022 को दिल्ली से देहरादून जाते हुए पंत का कार एक्सीडेंट हो गया था। 6 जनवरी को उनके घुटने की सफल सर्जरी हुई। 14 जून को पंत बिना सहारे के सीढ़ियां चढ़ते नजर आए। 15 अगस्त 2023 को उन्होंने पहली बार प्रैक्टिस मैच में हिस्सा लिया। अब वे रिकवरी कर चुके हैं और आगामी IPL सीजन से क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: दिल्ली-NCR में लगातार दूसरे दिन बारिश: फिर बढ़ी ठंड; हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी; 4 फरवरी तक स्नोफॉल का अलर्ट (पढ़ें पूरी खबर)
  2. स्पोर्ट्स: BCCI के पूर्व अध्‍यक्ष श्रीनिवासन के ठिकानों पर रेड: ED उनकी कंपनी इंडिया सीमेंट्स के रिकॉर्ड खंगाल रही, FEMA उल्लंघन का है मामला (पढ़ें पूरी खबर)
  3. यूटिलिटी: बजट से पहले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम ₹14 बढ़े: ATF की कीमत में ₹1,221 प्रति किलोलीटर की कटौती​, फरवरी से 5 बदलाव (पढ़ें पूरी खबर)
  4. इंटरनेशनल: बुशरा ने तोशाखाना केस में सजा के बाद सरेंडर किया: इमरान के घर को आधी जेल में बदला गया, यहीं हाउस अरेस्ट रहेंगी खान की पत्नी (पढ़ें पूरी खबर)
  5. इंटरनेशनल: अमेरिकी सांसद बोले- जुकरबर्ग आपके हाथ खून से रंगे हैं: कहा- आपने ऐसी चीजें बनाई जिनसे लोग मर रहे, मेटा के CEO ने माफी मांगी (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: पाकिस्तान बोला- भारत का जम्मू-कश्मीर पर अवैध कब्जा: कहा- उसके अत्याचारों का बहादुरी से सामना कर रहे कश्मीरी, हम उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: मालदीव का विपक्ष बोला- मुइज्जु प्रशासन अपराधियों को बचा रहा: आरोप लगाते हुए कहा- सरकारी अधिकारियों की क्रिमिनल गैंग के साथ साझेदारी (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

एक लाख रुपए में नीलाम हुआ 285 साल पुराना नीबू

1 लाख रुपए में नीलाम हुआ यह नीबू इस अलमारी में रखा मिला था।

1 लाख रुपए में नीलाम हुआ यह नीबू इस अलमारी में रखा मिला था।

इंग्लैंड के श्रॉपशायर में 285 साल पुराने नीबू को 1 लाख रुपए में नीलाम किया गया है। यह सूखा नीबू 19वीं सदी की एक अलमारी में मिला था। दरअसल यह अलमारी नीलामी के लिए आई थी। जब नीलामी करने वाली कंपनी अलमारी की तस्वीरें ले रही थी तो यह नीबू मिला। जिसके बाद इसे भी नीलाम कर दिया गया।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…



Source link

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *